रांची (झारखंड) : राज्य के आदिम जनजाति बहुल इलाकों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इन क्षेत्रों में 127 पुलों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। कोशिश है कि मानसून से पहले ही इन योजनाओं पर काम शुरू कर दिया जाए।
जानकारी के अनुसार, इन परियोजनाओं को भारत सरकार की प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत स्वीकृति मिली थी। हालांकि स्वीकृति मिलने के बावजूद पिछले वर्ष टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी, जिससे कार्य शुरू होने में देरी हुई। अब एक साल बाद इन योजनाओं को गति देने की तैयारी की जा रही है।
इन पुलों के निर्माण से दूरदराज के जनजातीय गांवों में आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होगी। खासकर बरसात के मौसम में छोटी नदियों और नालों के कारण लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है या कई बार आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। पुल-पुलियों के बनने से लोगों को सीधा और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम जनमन योजना के तहत 139 सड़कों के निर्माण की भी योजना है। इन सड़कों के लिए भी हाल ही में स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
सरकार का उद्देश्य उन सुदूर और अविकसित गांवों को जोड़ना है, जहां अब तक सड़क संपर्क नहीं पहुंच पाया है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से न केवल परिवहन सुविधा बेहतर होगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक भी लोगों की पहुंच आसान होगी।