रामगढ़ (झारखंड) : मंगलवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ड्यूटी रोस्टर की जांच करते हुए निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक निर्धारित समय पर अपनी ओपीडी एवं वार्ड ड्यूटी में उपस्थित रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राउंड के समय डॉक्टरों की अनुपस्थिति किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद किया तथा अस्पताल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर फीडबैक लिया।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी पात्र मरीजों को योजना के तहत नि:शुल्क इलाज का लाभ बिना किसी बाधा के मिले।
दवाओं के स्टॉक रजिस्टर की जांच के दौरान उपायुक्त ने डॉक्टरों को सख्त निर्देश दिया कि केवल अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही मरीजों को लिखी जाएं, ताकि किसी भी मरीज को बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े।
उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कर्मियों के अनुशासन और मरीजों के साथ शालीन व्यवहार पर भी विशेष जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि इलाज में लापरवाही या ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को नियमित रूप से डॉक्टरों की उपस्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सदर अस्पताल में डॉक्टरों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है।