रामगढ़ (झारखंड) : मंगलवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने गूगल मीट के माध्यम से जलापूर्ति एवं बिजली से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में बिजली की उपलब्धता और पेयजल आपूर्ति से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में कहीं भी पानी की किल्लत न होने पाए। उन्होंने खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराने और पाइपलाइन लीकेज को तुरंत ठीक करने पर जोर दिया। साथ ही आवश्यकता अनुसार टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बिजली आपूर्ति को लेकर उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक बिजली कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी तथा खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द बदला जाए।
उपायुक्त ने कंट्रोल रूम में प्राप्त जन समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कनीय एवं सहायक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि भीषण गर्मी में आम नागरिकों को बिजली और पानी की समस्या से राहत देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ बेहतर तालमेल बनाकर कार्य करना होगा।