रांची (झारखंड) : झारखंड के उभरते बाल तैराक इशांक सिंह को उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सम्मानित किया। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सात वर्षीय इशांक को पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इशांक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी।
इशांक सिंह ने हाल ही में भारत और श्रीलंका के बीच स्थित पाल्क स्ट्रेट में लंबी दूरी की तैराकी पूरी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बेहद कम उम्र में उनकी इस उपलब्धि ने खेल जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। बताया गया कि उन्होंने लगातार कई घंटों तक तैरते हुए लगभग 29 किलोमीटर की दूरी तय की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इशांक ने मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर झारखंड को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इस तरह की उपलब्धि राज्य के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने खेल विभाग के अधिकारियों को तैराकी से जुड़ी सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन और बेहतर मंच उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान इशांक सिंह के माता-पिता और उनके प्रशिक्षक को भी सम्मानित किया गया। मौके पर पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा तैराकी संघ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।