गोला (रामगढ़), झारखंड : गोला वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार रात सुतरी गांव में हाथियों के झुंड ने खेतों में घुसकर कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। सबसे अधिक नुकसान जगेश्वर महतो की स्वीट कॉर्न (मकई) की फसल को हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों ने खेतों में लगी फसल को खाकर और रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। शुक्रवार सुबह जब किसान खेत पहुंचे तो फसल की स्थिति देखकर परेशान हो उठे। खेतों में बड़ी मात्रा में मकई की फसल क्षतिग्रस्त पाई गई।
किसान जगेश्वर महतो ने बताया कि लगभग 40 क्विंटल मकई की फसल नष्ट हो गई है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इसके अलावा अलका महतो, राजू महतो, सुलेखा देवी और गुलाबी देवी के खेतों में लगी फसलों को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब तीन सप्ताह से सुतरी और आसपास के क्षेत्रों में हाथियों का आतंक बना हुआ है। शाम होते ही लोग भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। कई ग्रामीण रातभर जागकर खेतों और घरों की निगरानी कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों के स्थायी समाधान की मांग की है। साथ ही प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की अपील करते हुए कहा है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसानों को आगे भी भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है।