गिरिडीह (झारखंड) : गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र स्थित इसरी बाजार में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाजार क्षेत्र में कई वाहनों और राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज गति से बाजार की ओर आ रहा था। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक भीड़भाड़ वाले इलाके में घुस गया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के समय बाजार में काफी भीड़ थी, जिससे बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना मिलने के बाद डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद इसरी बाजार और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।