कार्यक्रम प्रस्तुत करते आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ के छात्र-छात्रा
रामगढ़ (झारखंड) : आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट में क्लस्टर-2 (सेंट्रल कमांड) अंडर-17 जूनियर बॉयज फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन 9 और 10 मई को सिख रेजिमेंट सेंटर पीटी ग्राउंड में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट, आर्मी पब्लिक स्कूल अयोध्या और आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर की अंडर-17 बालक टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन लीग आधार पर किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल कशिश वाधवा (सेना मेडल), डिप्टी कमांडेंट, सिख रेजिमेंट सेंटर, रामगढ़ कैंट का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत नृत्य, संगीत और फ्लैग ड्रिल की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अनुशासन, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।
मुख्य अतिथि ने गुब्बारे उड़ाकर और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे अनुशासन, साहस, चरित्र निर्माण, भाईचारे और सहयोग की भावना को विकसित करते हैं।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट और आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर आमने-सामने हुए। रोमांचक मुकाबले में दानापुर की टीम ने तीन गोल दागकर शानदार जीत दर्ज की।
अब 10 मई को सुबह पहला मैच अयोध्या और दानापुर के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला रामगढ़ और अयोध्या के बीच होगा।
विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं।