रामगढ़ (झारखण्ड) : रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2025-27 के द्वितीय वर्ष की द्वितीया कार्यकारिणी बैठक पतरातू स्थित मिडवे रिसोर्ट में संपन्न हुई। बैठक में कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान व्यापारियों के विभिन्न मुद्दों, स्थानीय व्यावसायिक समस्याओं तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता चेंबर अध्यक्ष मंजीत साहनी ने की, जबकि संचालन चेंबर उपाध्यक्ष अमरेश गणक ने किया। अध्यक्ष मंजीत साहनी ने व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर विशेष चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल ने अग्रसेन पथ की जर्जर सड़क का मुद्दा उठाते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से मिलकर इसका शीघ्र समाधान कराने की बात कही। उन्होंने श्याम मंदिर के आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की भी मांग की।
चेंबर सचिव मनोज चतुर्वेदी उर्फ मानु ने प्राप्त पत्रों की जानकारी दी। बैठक में चेंबर के 10 नए सदस्यों की सदस्यता को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में रांची रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की कमी पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। चेंबर ने इस संबंध में धनबाद मंडल के डीआरएम को पत्र लिखने का निर्णय लिया। अध्यक्ष मंजीत साहनी ने कहा कि रांची रोड रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन यात्री सुविधाओं का समुचित प्रबंध नहीं है।
उन्होंने बताया कि स्टेशन पर यात्री शेड की संख्या पर्याप्त नहीं है, जिसके कारण यात्रियों को धूप, बारिश और ठंड के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बैठने के लिए पर्याप्त बेंच नहीं होने से विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिला यात्रियों को परेशानी होती है। स्टेशन पर स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, कुली व्यवस्था, समुचित बिजली व्यवस्था और स्टेशन के बाहर वैकल्पिक सुविधाओं का भी अभाव है। साथ ही पूछताछ केंद्र के सुचारू रूप से कार्य नहीं करने पर भी चिंता जताई गई।
चेंबर ने रेलवे प्रशासन से इन सभी मूलभूत सुविधाओं में शीघ्र सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
बैठक में रामगढ़ की एक अन्य ज्वलंत समस्या पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष मंजीत साहनी ने कहा कि सुभाष चौक से दामोदर नदी तक तथा चट्टी बाजार से दामोदर नदी तक बनी पुरानी नाली अत्यंत संकीर्ण है। वर्ष 1941 में निर्मित इस नाली के कारण थोड़ी अधिक वर्षा होने पर सड़क का पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर जाता है, जिससे आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस नाली को अविलंब चौड़ा करने की मांग की।
अंत में कार्यकारिणी सदस्य अभिजीत कुमार ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।
बैठक में मुख्य रूप से चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल, चेंबर अध्यक्ष मंजीत साहनी, उपाध्यक्ष अमरेश गणक, सचिव मनोज चतुर्वेदी, सह सचिव इंद्रपाल सिंह सैनी, कार्यकारिणी सदस्य मुरारी लाल अग्रवाल, अभिजीत कुमार, रविंद्र साहू, विनय कुमार सिंह तथा आमंत्रित सदस्य एवं चेंबर के पूर्व सचिव अरुण कुमार राय उपस्थित थे।