रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से MEETA रामगढ़ पोर्टल पर दर्ज जन शिकायतों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों और प्रखंडों से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि MEETA रामगढ़ पोर्टल पर अब तक कुल 447 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 89 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है। उपायुक्त ने विभागवार लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित निगरानी करें और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटाएं। साथ ही जिला स्तर से विभिन्न प्रखंडों के लिए प्रतिनियुक्त वरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और निष्पादन प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को सरकारी भूमि की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी जांच की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर आम जनता की समस्याओं को मौके पर सुनने, जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने और जन शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में समाहरणालय के वरीय अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा जन शिकायत कोषांग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।