पतरातू (रामगढ़), झारखंड :पतरातू थाना क्षेत्र में फायरिंग और बमबाजी की घटनाओं में शामिल राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य कर रही कंपनी एमजीसीपीएल, ओसम डेयरी प्लांट एवं अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में फायरिंग कराने वाला राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य दीपक करमाली उर्फ नेपाली उचरींगा क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उचरींगा आंगनबाड़ी के पास से दीपक करमाली उर्फ नेपाली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले अमन साव गिरोह के लिए काम करता था और वर्तमान में राहुल दुबे गिरोह के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 29 मार्च 2026 को एमजीसीपीएल कंपनी के रेलवे ओवरब्रिज में फायरिंग और बमबाजी, 4 अप्रैल 2026 को ओसम डेयरी प्लांट में फायरिंग तथा 12 अप्रैल 2026 को अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर एक देसी पिस्टल एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी दीपक करमाली उर्फ नेपाली, पिता मनपुरण करमाली, ग्राम हेसला, थाना पतरातू, जिला रामगढ़ का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पतरातू, रामगढ़ एवं बड़कागांव थाना में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को पतरातू थाना कांड संख्या 91/2026 के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापामारी दल में एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, पतरातू अंचल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता सहित भदानीनगर प्रभारी अख्तर अली, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, पुअनि शिवा कच्छप, संतोष उरांव, जसीमुद्दीन अंसारी, आरक्षी नागेश्वर विश्वकर्मा, फिरोज समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।