हजारीबाग ( झारखंड) :हजारीबाग पुलिस ने संगठित अपराध और लेवी वसूली के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के एक गुर्गे को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पेलावाल थाना क्षेत्र के पगमील आजाद नगर निवासी जियाउल रहमान उर्फ मुजम्मिल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बानादाग साइडिंग इलाके में दहशत फैलाने और फायरिंग की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद एसपी अमन कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने नगर निगम डंपिंग यार्ड के समीप रोतरा गांव क्षेत्र में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मैगजीन लगा पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, पांच खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहले भी जा चुका है जेल
बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि जियाउल रहमान का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2025 में उसे एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके पहले वर्ष 2024 में भी बड़ाबाजार टीओपी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार जेल से बाहर आने के बाद वह राहुल दुबे गैंग से जुड़ गया और गैंग के लिए लेवी वसूली एवं आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया।
पुलिस की नजर में था आरोपी
एसडीपीओ ने बताया कि हजारीबाग पुलिस लंबे समय से जियाउल रहमान की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वह बानादाग कॉल साइडिंग में फायरिंग कर दहशत फैलाने और लेवी वसूली की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआईटी ने उसे धर दबोचा।