रामगढ़, झारखंड : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित लोगों को बकरीद पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों से पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सुझाव लिए गए। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से पर्व को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली गई। उपायुक्त और एसपी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहते हुए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पीसीआर और पैंथर टीम को संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्ती और निरीक्षण करने को कहा।
प्रशासन ने किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देने और अफवाहों का तुरंत खंडन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को पूरे पर्व के दौरान अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने को कहा गया।
बैठक में प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी और उनके उपयोग पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। वहीं असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की बात कही गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप की निगरानी करने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले आपत्तिजनक पोस्ट करने या साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च आयोजित करने को लेकर भी प्रशासन द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।