पतरातू (रामगढ), झारखंड :रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पतरातू पोस्ट ने पतरातू गुड्स शेड की साइडिंग लाइन से सिग्नलिंग केबल चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 20 मीटर लंबा 12 कोर रेलवे सिग्नलिंग केबल बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग दो हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सौंदा बगीचा निवासी मोहन डे (50 वर्ष), राहुल कुमार (18 वर्ष) और गौतम कुमार (20 वर्ष) शामिल हैं।
आरपीएफ पतरातू पोस्ट के अनुसार 23 मई की रात करीब आठ बजे पतरातू प्वाइंट संख्या-305 के पास स्थित लोकेशन बॉक्स से 2×12 कोर सिग्नलिंग केबल काटकर चोरी कर ली गई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद विभाग द्वारा 24 मई को संयुक्त नोट तैयार किया गया।
शनिवार को जांच के दौरान आरपीएफ टीम पतरातू बस्ती क्षेत्र से लौट रही थी। इसी दौरान ईस्ट केबिन के पास तीन लोगों को जूट की बोरी में भारी सामान ले जाते देखा गया। संदेह होने पर टीम ने तीनों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बोरी से तीन टुकड़ों में करीब 20 मीटर रेलवे सिग्नलिंग केबल बरामद किया गया।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि पैसे के लालच में उन्होंने 23 मई की रात केबल काटकर पास के टूटे केबिन में छिपा दिया था और शनिवार दोपहर उसे बेचने के लिए ले जा रहे थे। आरोपियों के पास रेलवे संपत्ति ले जाने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
इस संबंध में उप-निरीक्षक प्रवीण कुमार की लिखित शिकायत पर कांड संख्या-05/2026 दर्ज करते हुए आरपी(यूपी) एक्ट की धारा-3 एवं रेलवे अधिनियम की धारा-147 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि सिग्नलिंग केबल कटने से ट्रेन परिचालन में बड़ी बाधा उत्पन्न हो सकती थी, जिससे रेल सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।