बरकाकाना ( रामगढ ), झारखंड : रेलवे मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरकाकाना स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात संयुक्त कार्रवाई में टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 18101 टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस के जरिए मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर बरकाकाना स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी के सहयोग से विशेष जांच अभियान चलाया गया।
रात करीब 8:32 बजे ट्रेन के प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंचते ही सुरक्षा टीम ने थर्ड एसी कोच में जांच शुरू की। इसी दौरान तीन युवक बड़े ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस टीम को देखकर तीनों घबराए हुए नजर आए, जिसके बाद उनकी तलाशी ली गई।
जांच में पांच ट्रॉली बैग और एक बैकपैक से कुल 88 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतास निवासी बलराम पांडेय एवं छोटन कुमार तथा गढ़वा निवासी शुभम कुमार तिवारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गांजे की खेप टाटानगर से रेणुकूट ले जाई जा रही थी।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
इस कार्रवाई में आरपीएफ इंस्पेक्टर टीएस अहमद, जीआरपी थाना प्रभारी मो. शमीम अंसारी, एएसआई बालदेव चातर, एएसआई केके सिंह सहित नारकोटिक्स विभाग के कई अधिकारी शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेलवे रूट के माध्यम से हो रही मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।