रामगढ़, झारखंड : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) के जीएफए यूनिट परिसर में 25 एवं 26 मई 2026 को दो दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों के नेत्र स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था।
शिविर में रांची स्थित आइरिस आई हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से कर्मचारियों की आंखों की विस्तृत जांच की। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने शिविर में भाग लेकर लाभ उठाया।
विशेष रूप से 45 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के कर्मचारियों को प्रत्येक छह महीने में नियमित नेत्र जांच कराने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि नियमित जांच से आंखों से जुड़ी समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे उचित उपचार संभव होता है और दृष्टि सुरक्षित रहती है।
बीएफसीएल प्रबंधन ने शिविर में सहयोग करने वाले सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।