रांची (झारखंड) : झारखंड में बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 31 मई को आयोजित की जायेगी। राज्यभर में होने वाली इस परीक्षा में 45 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा को लेकर झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा के लिए राज्य के आठ जिलों में कुल 94 केंद्र बनाये गये हैं। इनमें रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा शामिल हैं। सबसे अधिक परीक्षा केंद्र रांची में निर्धारित किये गये हैं। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह नौ बजे से केंद्रों में प्रवेश दिया जायेगा, जबकि परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जायेगा।
जेसीईसीईबी ने अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। परीक्षार्थी पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर कैंडिडेट लॉगिन के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, समय और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं। बिना प्रवेश पत्र किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही एक वैध पहचान पत्र साथ रखना भी अनिवार्य किया गया है।
यह परीक्षा ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट पर ली जायेगी। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे और परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित है, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की कटौती की जायेगी। पर्षद के अनुसार अभ्यर्थियों की मेरिट सूची परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जायेगी।
राज्य में वर्तमान समय में सरकारी और गैर-सरकारी मिलाकर 136 बीएड कॉलेज संचालित हैं, जिनमें करीब 13,600 सीटें उपलब्ध हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-28 में इन्हीं सीटों पर संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से नामांकन लिया जायेगा। बीएड के अलावा एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में भी इसी परीक्षा के आधार पर प्रवेश दिया जायेगा।
परीक्षा को लेकर राज्यभर के अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। कई छात्र पिछले कई महीनों से इसकी तैयारी में जुटे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गये हैं। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
पर्षद ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और एडमिट कार्ड में दिये गये सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।