रांची में साइबर ठगी गिरोह का खुलासा, रामगढ़-जामताड़ा के पांच युवक गिरफ्तार

Spread the love

रांची, झारखंड : राजधानी रांची के गोंदा थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में चल रहे संगठित साइबर ठगी रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामगढ़, जामताड़ा और बोकारो के पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोंदा थाना क्षेत्र के धावन नगर स्थित रॉक व्यू अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कुछ युवक साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हैं और ठगी की नई योजनाओं पर काम कर रहे हैं। सूचना के बाद डीएसपी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर देर शाम फ्लैट में छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से पांच युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह फर्जी पहचान पत्र तैयार कर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था और उन्हीं खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करता था। आरोपियों ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन ‘निखिल भैया’ नामक व्यक्ति कर रहा था, जो युवाओं को साइबर अपराध करने का प्रशिक्षण भी देता था।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जामताड़ा जिले के नारायणपुर निवासी 24 वर्षीय काजल कुमार मंडल शामिल है. इसके अलावा रामगढ़ जिले के बाजार समिति निवासी 18 वर्षीय आनंद कुमार, बोकारो जिले के ललपनिया (अय्यर बस्ती) निवासी 23 वर्षीय बिक्की कुमार, रामगढ़ के सौदागर मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय शाकिब अंसारी और रामगढ़ के ही महुआ धारा निवासी 17 वर्षीय आरियन कुमार को गिरफ्तार किया गया है. इन सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है.

पुलिस ने फ्लैट से विभिन्न बैंकों की 50 पासबुक, 26 एटीएम कार्ड, 8 चेकबुक, 3 आधार कार्ड और 13 स्मार्टफोन जब्त किए हैं। कई मोबाइल फोन से अहम डिजिटल सबूत मिलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब गिरोह के सरगना की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

इस कार्रवाई में गोंदा थाना प्रभारी अभय कुमार सिन्हा समेत कई पुलिस अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।