रामगढ़ में अवैध खनन रोकने को लेकर प्रशासन सख्त, टास्क फोर्स की बैठक में कई निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ समाहरणालय सभाकक्ष में शुक्रवार को जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत भी मौजूद रहे। बैठक में जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उपायुक्त ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को और प्रभावी तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने अवैध खनन स्थलों और बंद किए गए अवैध मुहानों की स्थिति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि कहीं से भी अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और संबंधित मुहानों को पूरी तरह बंद कराया जाए।

बैठक में खनिज परिवहन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी खनिज ढुलाई वाहनों में जीपीएस लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने को कहा गया।

बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।