रामगढ़ को नशामुक्त बनाने पर जोर, एनकॉर्ड बैठक में प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : समाहरणालय सभाकक्ष में शुक्रवार को नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति (एनकॉर्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत भी मौजूद रहे। बैठक में जिले में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक की शुरुआत में स्थापना उप समाहर्ता सह प्रभारी सामान्य शाखा पदाधिकारी रीना कुजूर ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिलेभर में दवा दुकानों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर नियमित जांच अभियान चलाया जाए। खासकर उन दवाओं की बिक्री और स्टॉक पर विशेष नजर रखने को कहा गया जिनका इस्तेमाल नशे के रूप में किया जा सकता है। साथ ही संबंधित रिपोर्ट समय पर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में सार्वजनिक स्थलों पर रात के समय युवाओं और असामाजिक तत्वों द्वारा नशे के इस्तेमाल पर चिंता जताई गई। उपायुक्त ने ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए रामगढ़ जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा गया। जागरूकता कार्यक्रमों के लिए रोस्टर तैयार कर नियमित अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में प्रशासनिक, पुलिस और शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।