रांची, झारखंड: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 32 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और बाइक बरामद की गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पावर हाउस छठ तालाब के पास अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक, कोतवाली रांची निखिल राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर इलाके में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनिल नायक (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रामगढ़ जिले के सयाल मोड़ भुरकुंडा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से करीब 32 ग्राम ब्राउन शुगर, विवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई। मामले में चुटिया थाना कांड संख्या 73/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस अभियान में पुलिस उपाधीक्षक सिटी रांची के० वी० रमन, कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, चुटिया थाना प्रभारी पुनम कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक बजरंग टोप्पो, मिनकेतन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।