रांची, झारखंड : पश्चिम बंगाल में सांसद अभिषेक बनर्जीपर हुए हमले की झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेनने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और हमलों के लिए कोई स्थान नहीं है तथा इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अभिषेक बनर्जी पर हुआ हमला अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राजनीतिक विरोध का जवाब हिंसा, भय या बल प्रयोग से नहीं दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में तर्क, संवाद और जनमत ही राजनीतिक मतभेदों के समाधान का उचित माध्यम होते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थाओं की रक्षा के लिए हिंसक घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि हमले में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को हिंसा नहीं, बल्कि संवाद, सहिष्णुता और पारस्परिक सम्मान मजबूत बनाते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील भी की।