रामगढ़ (झारखंड) : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं संगठन के अनुभवी कार्यकर्ता नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को भाजपा का राष्ट्रीय संगठक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की है। उनका कार्यक्षेत्र दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय होगा।
इस नियुक्ति पर भाजपा रामगढ़ जिला इकाई में हर्ष का माहौल है। भाजपा रामगढ़ जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्रिपाठी का संगठन के प्रति समर्पण, वैचारिक प्रतिबद्धता और लंबा अनुभव पार्टी की अमूल्य धरोहर है, जिसका लाभ राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मिलेगा।
मनीष जायसवाल ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सतत संवाद संगठन की मजबूती का आधार है। त्रिपाठी जैसे अनुभवी और विचारनिष्ठ कार्यकर्ता को यह महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव राष्ट्रवाद, संगठन निष्ठा और अंत्योदय के सिद्धांतों को प्राथमिकता दी है। दिल्ली स्थित केंद्र से वे देशभर के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठनात्मक संवाद को नई दिशा देंगे।
वहीं रोशन लाल चौधरी ने कहा कि उनकी नियुक्ति से भाजपा संगठन को और मजबूती मिलेगी।
भाजपा रामगढ़ जिला के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को बधाई देते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर रंजीत कुमार सिन्हा, अमरेंद्र कुमार गुप्ता, प्रवीण मेहता, रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, डॉ. संजय कुमार सिंह, इला रानी पाठक, प्रिया करमाली, प्रो. खिरोधर साहू, बलराम महतो, रिद्धि राज, कुश श्रीवास्तव, शीतल सिंह, सन्नी कुशवाहा, रंजन फौजी, सुशांत कुमार पांडेय सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।