हजारीबाग (झारखंड) : हजारीबाग जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पेलावल ओपी और लोहसिंघना थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छड़वा डैम-खुटरा मार्ग पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित ऑनरेक्स सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खुटरा गांव निवासी नाजिम हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से प्रतिबंधित ऑनरेक्स सिरप की 138 बोतलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सिरप को 140 रुपये प्रति बोतल की दर से खरीदता था और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को 200 रुपये प्रति बोतल में बेचता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ग्रामीण इलाकों में नशे के आदी युवाओं को यह सिरप उपलब्ध कराता था। बरामद सिरप पर प्रतिबंध लागू है और इसका दुरुपयोग नशे के लिए किया जाता है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टु रजक ने बताया कि अमन कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। कार्रवाई में पेलावल ओपी और लोहसिंघना थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि युवा इस प्रतिबंधित सिरप को कफ सिरप के नाम पर खरीदते हैं, लेकिन इसका इस्तेमाल नशे के लिए करते हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह इचाक थाना क्षेत्र से ऑनरेक्स सिरप खरीदकर लाता था और विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी बिक्री करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी बताया कि इचाक का एक व्यक्ति बिहार के गया जिले से बड़ी मात्रा में सिरप मंगवाता है और फिर हजारीबाग जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करता है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।