अंतरराष्ट्रीय पहलवान चंचला कुमारी ने छात्राओं को दिया सपनों को साकार करने का मंत्र

Spread the love

पतरातू (रामगढ़), झारखंड : गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन (जीईएम) परिसर में बुधवार को आयोजित प्रेरक संवाद कार्यक्रम में झारखंड की अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान चंचला कुमारीने छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें आत्मविश्वास, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उनके प्रेरणादायक अनुभवों ने छात्राओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

कार्यक्रम के दौरान चंचला कुमारी ने अपने संघर्षपूर्ण सफर और उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर कोई न कोई विशेष क्षमता होती है। आवश्यकता इस बात की है कि उसे पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने छात्राओं को चुनौतियों से घबराने के बजाय दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

संवाद सत्र में छात्राओं ने खेल, शिक्षा, करियर और सफलता से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। चंचला कुमारी ने अपने अनुभवों के आधार पर उनके सवालों का विस्तार से जवाब दिया और बताया कि आत्मविश्वास तथा अनुशासन किसी भी लक्ष्य तक पहुंचने की सबसे बड़ी कुंजी हैं।

इस अवसर पर स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्षा रेनू सहगल ने कहा कि सफल और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के साथ संवाद बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय पहलवान के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिभागियों ने कहा कि इस संवाद ने उन्हें अपने लक्ष्यों के प्रति और अधिक समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।