पतरातू (रामगढ़) झारखंड : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को ग्राम पंचायत कटिया बस्ती के पंचायत भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बड़कागांव विधानसभा के विधायक रोशन लाल चौधरी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया किशोर कुमार महतो ने की, जबकि संचालन पर्यावरण जिला संयोजक भुवनेश्वर ठाकुर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक रोशन लाल चौधरी एवं मुखिया किशोर कुमार महतो के स्वागत से हुई। इस दौरान भुवनेश्वर ठाकुर ने दोनों अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद विधायक ने विभिन्न पौधों के बीज रोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा पंचायत भवन परिसर में आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अपने संबोधन में विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि भुवनेश्वर ठाकुर एवं उनकी टीम द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम अब तक हजारों पौधे लगा चुकी है और उनकी सुरक्षा एवं देखरेख भी नियमित रूप से करती है। गर्मी के मौसम में पौधों की सिंचाई से लेकर संरक्षण तक का कार्य लगातार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पंचायत भवन एवं कटिया शिव मंदिर परिसर में लगभग 200 पौधे लगाए गए थे, जो अब सात फीट तक बढ़ चुके हैं। विधायक ने कहा कि पर्यावरण हमारे जीवन का मुख्य आधार है और इसके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। पर्यावरण ही हमें शुद्ध वायु, जल, भोजन और आश्रय प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन आज गंभीर चुनौती बन चुके हैं, इसलिए पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में एकल अभियान के पतरातू संच प्रमुख नागेश्वर महतो, भुरकुंडा संत प्रमुख शांति देवी तथा विभिन्न आचार्यगण भी उपस्थित रहे। इसके अलावा पतरातू मंडल अध्यक्ष रंजन भगत, भाजपा नेता महेंद्र महतो, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष वारिस खान, चंदन सिन्हा, पंचायत समिति सदस्य अनीता जैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।