रामगढ़, झारखंड : आगामी मुहर्रम पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण एवं अनुसंधान कार्यों की समीक्षा को लेकर रविवार को पुलिस कार्यालय, रामगढ़ स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक रामगढ़, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ एवं पतरातू, सभी पुलिस निरीक्षक तथा जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के अनुसंधान, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
पुलिस महानिरीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने, वारंट निष्पादन में तेजी लाने तथा जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के अंत में सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को आगामी त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।