नितिन नवीन के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने वाले कार्यकर्ताओं का भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव बावला ने जताया आभार

Spread the love

रामगढ़  (झारखंड) : भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रामगढ़ आगमन पर आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों एवं सांस्कृतिक दलों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में रामगढ़ जिले के कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह, समर्पण और अनुशासन का परिचय दिया, वह संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर एकत्र होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम यादगार बन गया।

संजीव कुमार बावला ने सभी मंडल अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों, मोर्चा पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों तथा बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम को सफल बनाया जा सका। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी कार्यकर्ताओं के उत्साह और अनुशासित सहभागिता से प्रभावित हुए। यह कार्यक्रम भाजपा संगठन की एकजुटता और कार्यक्षमता का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया।

जिलाध्यक्ष ने कार्यक्रम की व्यापक कवरेज के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, वेब पोर्टल एवं सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों का भी विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया की सक्रिय भूमिका से राष्ट्रीय अध्यक्ष का संदेश आम लोगों तक पहुंच सका।

इसके अलावा स्वागत समारोह में शामिल स्थानीय लोक कलाकारों, ढोल-नगाड़ा वादकों एवं सांस्कृतिक दलों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की गरिमा और आकर्षण को बढ़ाया।

संजीव कुमार बावला ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह प्रवास कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी चुनावों की तैयारी में यह दौरा नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को और गति देने का आह्वान किया।