रामगढ़ में बढ़ती छिनतई और झपटमारी पर चैम्बर ने जताई चिंता, पुलिस अधीक्षक से की सख्त कार्रवाई की मांग

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने जिले में लगातार बढ़ रही छिनतई, झपटमारी एवं लूटपाट की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में चैम्बर की ओर से पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ को पत्र भेजकर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है।

चैम्बर के मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी ने कहा कि हाल के दिनों में रामगढ़ शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल, सोने की चेन, पर्स तथा अन्य मूल्यवान सामान की छिनतई की घटनाओं में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इन घटनाओं के कारण आम नागरिकों, व्यवसायियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्रों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस से लोगों में चिंता बढ़ी है। ऐसे में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।

चैम्बर ने पुलिस प्रशासन से संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करने, सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। इसके साथ ही हालिया घटनाओं में शामिल अपराधियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया है।

रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने विश्वास जताया है कि जिला पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा और आम लोगों के बीच सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित करेगा।