रामगढ, झारखण्ड : झारखंड में मई 2026 के दौरान ऑटोमोबाइल वाहनों की खुदरा बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। केंद्र सरकार के जीएसटी सुधारों और उपभोक्ता मांग में तेजी का सकारात्मक असर वाहन बाजार पर देखने को मिला है। इससे राज्य में आर्थिक गतिविधियों के मजबूत होने और उपभोक्ताओं के बढ़ते विश्वास का संकेत मिला है।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) झारखंड के आंकड़ों के अनुसार मई 2026 में राज्य में कुल 61,442 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई, जबकि मई 2025 में यह संख्या 58,242 थी। इस प्रकार वाहन बिक्री में 5.49 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर मई 2026 में 25,31,067 वाहनों की बिक्री हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.55 प्रतिशत अधिक है।
फाडा झारखंड के चेयरपर्सन गोविंद पी. मेवाड़ ने बताया कि अधिकांश वाहन श्रेणियों में सकारात्मक वृद्धि देखने को मिली है।
विभिन्न श्रेणियों में बिक्री का प्रदर्शन
-
दोपहिया वाहनों की बिक्री 2.75 प्रतिशत बढ़कर 48,436 इकाई रही।
-
तीन पहिया वाहनों की बिक्री में 21.11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 3,006 इकाई पर पहुंच गई।
-
यात्री वाहनों (Passenger Vehicles) की बिक्री में 24.08 प्रतिशत की मजबूत बढ़त के साथ 6,796 इकाइयों की बिक्री हुई।
-
ट्रैक्टर बिक्री बढ़कर 1,555 इकाई रही।
-
वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 4.99 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई और यह 1,580 इकाई रही।
-
निर्माण उपकरण (Construction Equipment) श्रेणी में 56.60 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जहां बिक्री घटकर 69 इकाई रह गई।