रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज के निर्देश तथा अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवल कुमार के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट एवं खाद्य उत्पादन इकाइयों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सनशाइन रिसॉर्ट, होटल टी एंड ट्रीट तथा होटल पार्वती का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी प्रतिष्ठानों को किचन की साफ-सफाई एवं स्वच्छता मानकों का नियमित रूप से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पानी की गुणवत्ता प्रमाण पत्र, फूड हैंडलर्स का वार्षिक मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल संबंधी अभिलेख तथा FOSTAC प्रशिक्षण प्रमाण पत्र 14 दिनों के भीतर FoSCoS पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद सवैया गढ़ा स्थित सोनी फूड प्रोडक्ट्स, अग्रवाल फूड प्रोडक्ट्स, फ्रूट रिपनिंग चैंबर एवं विशुराम नमकीन का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित इकाइयों को पानी की गुणवत्ता रिपोर्ट, फूड हैंडलर्स के वार्षिक मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, FOSTAC प्रशिक्षण प्रमाण पत्र एवं खाद्य परीक्षण रिपोर्ट FoSCoS पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समयावधि में दस्तावेज अपलोड नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के दौरान सोनी फूड प्रोडक्ट्स से सॉस तथा अग्रवाल फूड प्रोडक्ट्स से नूडल्स का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए नामकुम स्थित खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजा गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लेबलिंग, एक्सपायरी तिथि एवं स्वच्छता मानकों की गहन जांच की। सभी संचालकों को एक्सपायरी खाद्य उत्पादों की बिक्री नहीं करने, खाद्य सामग्री पर स्पष्ट लेबलिंग सुनिश्चित करने, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने तथा होटल एवं रेस्टोरेंट कर्मियों द्वारा एप्रन, ग्लव्स और हेडगियर का अनिवार्य रूप से उपयोग कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा भोजन निर्माण में स्वच्छ एवं सुरक्षित जल के उपयोग, कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, एफएसएसएआई मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री के उपयोग, उचित लेबलिंग के साथ पैकेजिंग तथा सिंथेटिक एवं अनावश्यक रंगों के प्रयोग से बचने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।