छावनी परिषद रामगढ़ की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले, डोर-टू-डोर कचरा उठाव फिर होगा शुरू

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : छावनी परिषद रामगढ़ की बैठक बुधवार को परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर साजेश बाबू पी.जी. ने की, जबकि संचालन सदस्य सचिव सह मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने किया। बैठक में पूर्व निर्धारित 21 एजेंडों पर विचार-विमर्श कर विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में शहर के सभी आठ वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा को पुनः शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा स्टोर आइटम तथा गढ़बांध संचालन के लिए आवश्यक सामग्रियों की खरीद को भी स्वीकृति प्रदान की गई। गढ़बांध ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत कराने का भी निर्णय लिया गया।

परिषद ने यह भी फैसला लिया कि अब किसी भी व्यक्ति को अपने घर या परिसर में चार इंच बोरिंग कराने से पहले छावनी परिषद से अनुमति लेनी होगी। इसके लिए एक हजार रुपये का बोरिंग शुल्क निर्धारित किया गया है।

बैठक में छोटकाकाना एवं पोचार स्थित छावनी परिषद संचालित विद्यालयों में पेयजल सुविधा सुदृढ़ करने के लिए बोरवेल कराने का निर्णय लिया गया। वहीं वार्ड संख्या-7 के विभिन्न मार्गों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने की स्वीकृति भी दी गई।

नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शहर के तीन सार्वजनिक स्थलों पर यात्री शेड निर्माण का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सभी आठ वार्डों में नाली निर्माण, सड़क निर्माण, नाली एवं सड़क मरम्मत सहित विभिन्न विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई।

बैठक के दौरान भवन निर्माण के लिए ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त तीन आवेदनों को स्वीकृत किया गया। वहीं छावनी परिषद के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की वृद्धि को भी मंजूरी दी गई। अब उन्हें 60 प्रतिशत महंगाई भत्ते का भुगतान किया जाएगा।

बैठक में लिए गए इन निर्णयों से शहर में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।