रामगढ़ कैंट, झारखंड : शहर को जाममुक्त बनाने के लिए छावनी परिषद रामगढ़ ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को छावनी परिषद सभागार में अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) विवेक कुमार सिंह, एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन, मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, यातायात प्रभारी इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार पांडेय तथा रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान ड्रोन कैमरे से ली गई शहर के विभिन्न क्षेत्रों की तस्वीरों और यातायात की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर अनियंत्रित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसके बाद शहर को जाममुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सुभाष चौक से फुटबॉल मैदान तक के क्षेत्र में लागू नो पार्किंग जोन के नियमों का कड़ाई से पालन कराने का फैसला लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुराने बस स्टैंड में यात्री वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि प्रत्येक रूट के लिए वाहनों को अलग-अलग लाइन में खड़ा किया जाएगा तथा एक समय में एक लाइन में केवल पांच वाहन ही खड़े रह सकेंगे। इन वाहनों के भर जाने के बाद ही अगले वाहनों को लाइन में आने की अनुमति दी जाएगी।
इसके अलावा नंदा होटल के सामने रांची रोड, नईसराय और अन्य क्षेत्रों के लिए चलने वाले वाहनों को एक समय में केवल दो-दो वाहन खड़े करने की अनुमति होगी, ताकि सड़क पर अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि जिन दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के दौरान हटाया गया है, उन्हें चिन्हित कर नियमानुसार वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बसाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
प्रशासन को उम्मीद है कि इन उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन से रामगढ़ शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।