रालीबेड़ा गांव में पेयजल संकट का त्वरित समाधान, उपायुक्त के निर्देश पर युद्धस्तर पर हुई कार्रवाई

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : गोला प्रखंड के लुकैया पंचायत अंतर्गत रालीबेड़ा गांव में पेयजल समस्या की सूचना विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने के बाद उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अविलंब स्थल पर पहुंचकर समस्या के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त के निर्देश के आलोक में विभागीय तकनीकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव, मुखिया एवं कनीय अभियंता की मौजूदगी में तकनीकी खामियों को दूर किया। युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य पूरा कर चापाकल आधारित जलापूर्ति व्यवस्था को पुनः सुचारू कर दिया गया।

ग्रामीणों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पेयजल टैंकर की भी व्यवस्था की गई, ताकि स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए।

समस्या के स्थायी समाधान के लिए कनिष्ठ अभियंता (जेई) एवं अन्य विभागीय अधिकारियों की टीम ने रालीबेड़ा गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान गांव में स्थापित जलमीनार का विस्तृत तकनीकी सर्वेक्षण भी किया गया। जलापूर्ति व्यवस्था को दीर्घकालिक रूप से सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जल्द ही जल सहिया के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें शेष तकनीकी कमियों को दूर करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उपायुक्त श्री ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन रामगढ़ जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।