जिला स्तरीय मेधा सम्मान समारोह में 83 मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड): जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को टाउन हॉल रामगढ़ में जिला स्तरीय मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत थे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ तथा अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

समारोह के दौरान राष्ट्रीय स्तर की एफएलएन (FLN) चैंपियनशिप में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छावनी मध्य विद्यालय, रामगढ़ कैंट के छात्र लक्ष्य कुमार बर्नवाल को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले जिले के 13 विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (सीबीएसई) के मैट्रिक वर्ग के 3 एवं इंटरमीडिएट वर्ग के 6 विद्यार्थियों, दिव्यांग श्रेणी के मैट्रिक के 9 एवं इंटरमीडिएट के 6 विद्यार्थियों, मैट्रिक के 12 टॉपर्स, इंटरमीडिएट कला संकाय के 14, वाणिज्य संकाय के 15 तथा विज्ञान संकाय के 11 विद्यार्थियों के साथ एफआईएलओ (FILO) के 6 टॉपर्स को सम्मानित किया गया। कुल 83 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मान मिला।

अपने संबोधन में उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे जिले की शैक्षणिक प्रगति का उत्सव है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अनुशासन और परिश्रम को जीवन का आधार बनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छावनी परिषद रामगढ़ के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी निरंतर मेहनत करते रहने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन, एपीओ कुमार राज सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।