रामगढ़ (झारखंड) :विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान एवं मैपिंग सुनिश्चित करने के लिए रामगढ़ जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज के निर्देशानुसार यह अभियान 15 जून 2026 तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य कर्मी संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की मैपिंग का कार्य कर रहे हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य ऐसे मतदाताओं का विवरण अद्यतन करना है, जिनकी जानकारी अभी तक निर्वाचन तंत्र में पूर्ण रूप से अपडेट नहीं हो सकी है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री ऋतुराज ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता का सही तरीके से निर्वाचन प्रणाली से जुड़ा होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सभी पात्र मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मैपिंग कार्य अवश्य पूरा कराएं। अभियान के दौरान मतदाताओं को आवश्यक जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है।
मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष जागरूकता वाहन भी संचालित किया जा रहा है। यह वाहन जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को मैपिंग की प्रक्रिया, आवश्यकता और महत्व की जानकारी दे रहा है तथा मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपना मैपिंग कार्य पूरा कराने के लिए प्रेरित कर रहा है।
जिला प्रशासन विभिन्न माध्यमों से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चला रहा है ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों की नियमित निगरानी और समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जा सके।
उपायुक्त श्री ऋतुराज ने जिले के सभी मतदाताओं से अपने परिवार, पड़ोसियों और अन्य लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता की सहभागिता से ही एक सशक्त, समावेशी और त्रुटिरहित मतदाता सूची का निर्माण संभव हो सकेगा।