रामगढ़ कैंट (झारखंड) : भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला द्वारा रविवार को होटल शिवम इन, रामगढ़ में “12 साल बेमिसाल” विषय पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को मुख्य वक्ता के रूप में धनबाद विधायक राज सिन्हा ने संबोधित किया।
अपने संबोधन में राज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सुशासन, विकास, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4399 दिनों से अधिक समय तक सेवा देकर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे कदमों से महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है।
राज सिन्हा ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, रेलवे, सड़क, हवाई संपर्क और संचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने दावा किया कि भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है तथा वैश्विक स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है।
उन्होंने जी-20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मिली वैश्विक मान्यता और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है।
प्रेस वार्ता में उन्होंने “विकसित भारत-2047” के संकल्प का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प है, जिसे जनभागीदारी के माध्यम से साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति, जिला मंत्री शिव कुमार महतो, डॉ. संजय प्रसाद सिंह, रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, भीमसेन चौहान, मनोज गिरि, ब्रजेश पाठक, सत्यजीत सिंह, जगदीश शर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।