भुरकुंडा की जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय हुआ रामगढ़ चैम्बर, व्यवसायियों से की विस्तृत चर्चा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मंजीत सहानी के नेतृत्व में भुरकुंडा पहुंचा और स्थानीय व्यवसायियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की विभिन्न जनसुविधाओं एवं व्यापारिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में व्यवसायियों ने यातायात, बैंकिंग सुविधाओं, स्ट्रीट लाइट और मुक्तिधाम जैसी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

व्यवसायियों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि भुरकुंडा की मुख्य सड़क पर दिनभर भारी वाहनों के आवागमन के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे न केवल व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं, बल्कि आम लोगों को भी आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बैठक में टेम्पो एवं टोटो वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग का मुद्दा भी उठाया गया। स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि सड़क किनारे और विभिन्न चौक-चौराहों पर सवारी चढ़ाने-उतारने के दौरान वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

बंद पड़े एटीएम और मुक्तिधाम की समस्या उठी

व्यवसायियों ने बताया कि क्षेत्र के कई बैंक एटीएम लंबे समय से बंद हैं, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को नकदी निकासी के लिए अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने इन एटीएम को जल्द चालू कराने की मांग की।

इसके अलावा भुरकुंडा में समुचित मुक्तिधाम (श्मशान घाट) की व्यवस्था नहीं होने की समस्या भी बैठक में प्रमुखता से उठाई गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि अंतिम संस्कार के समय पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने की मांग

बैठक में बाजार क्षेत्र में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने और स्थापित अधिकांश लाइटों के खराब पड़े रहने का मुद्दा भी सामने आया। व्यवसायियों ने कहा कि शाम और रात के समय अंधेरे के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है तथा सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ जाती हैं।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को भेजा जाएगा ज्ञापन

भुरकुंडा के व्यवसायियों ने रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से आग्रह किया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन, जिला परिषद, स्थानीय सांसद, विधायक तथा पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष मामला उठाया जाए और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने व्यवसायियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाकर समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष मंजीत सहानी, मानद सचिव मानु चतुर्वेदी, सह सचिव इन्द्रपाल सिंह सैनी (पालै), कोषाध्यक्ष दिनेश पोद्दार, पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता), कार्यकारिणी सदस्य मुरारी लाल अग्रवाल, विनय कुमार सिंह सहित भुरकुंडा बाजार के अनेक व्यवसायी उपस्थित रहे।