रामगढ़ में रिश्वतखोरी के आरोप में प्रोबेशन ऑफिसर व कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की ट्रैप टीम ने मंगलवार को रामगढ़ जिला प्रोबेशन कार्यालय में कार्रवाई करते हुए प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी और कंप्यूटर ऑपरेटर सुजीत पासवान को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़की पोना निवासी त्रिदेव कुमार ने एसीबी हजारीबाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिवार को सरकार की ओर से ₹5 लाख की अनुदान राशि मिलनी है। अनुदान राशि में वृद्धि के लिए सत्यापन प्रतिवेदन भेजने के एवज में जिला प्रोबेशन कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर सुजीत पासवान द्वारा ₹10 हजार रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि यह मांग प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी के निर्देश पर की गई थी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने तकनीकी साधनों के माध्यम से मामले का सत्यापन कराया। जांच में प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी द्वारा ₹10 हजार रिश्वत मांगने तथा उनके निर्देश पर कंप्यूटर ऑपरेटर सुजीत पासवान के माध्यम से राशि लेने के आरोप सत्य पाए गए। इसके आधार पर एसीबी हजारीबाग थाना कांड संख्या 05/2026, दिनांक 15 जून 2026 दर्ज किया गया।

इसके बाद मंगलवार 16 जून को एसीबी की गठित ट्रैप टीम ने दंडाधिकारी और सरकारी गवाहों की उपस्थिति में जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान कंप्यूटर ऑपरेटर सुजीत पासवान को शिकायतकर्ता से ₹5,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इसके तुरंत बाद प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।