नईसराय में हाईवा की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : नईसराय में बुधवार की शाम करीब छह बजे कोयला लदे एक हाईवा की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने हाईवा में तोड़फोड़ करते हुए सड़क जाम कर दिया और मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग करने लगे।

मृतक की पहचान नईसराय निवासी मो. रियाज (46 वर्ष), पिता स्वर्गीय मो. इशाक के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मो. रियाज घर से निकलकर नईसराय चौक सामान खरीदने आए थे। सामान लेकर वापस घर लौटने के दौरान हाईवा संख्या जेएच-02बीजे-2251 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल हाईवा कोयला लदा हुआ था और बाबू कुंवर सिंह चौक से मुड़कर गिद्दी की ओर जा रहा था। घटना के बाद लोगों ने वाहन को रोककर उसमें तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतार लग गई तथा यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का आरोप था कि रात नौ बजे तक क्षेत्र में नो-एंट्री लागू रहती है, इसके बावजूद भारी वाहन को उस मार्ग पर जाने की अनुमति कैसे मिली। इसको लेकर लोगों ने प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।

रात करीब 11 बजे तक सड़क जाम जारी रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। जाम के कारण कई वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया।

समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर लोगों का विरोध जारी था।