रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक नष्ट; पानी और खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवल कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग रामगढ़ द्वारा बुधवार को जिले के विभिन्न आरओ पानी प्रतिष्ठानों, होटलों और रेस्टोरेंटों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों से पानी एवं खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला, नामकुम भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अमृत जल, जल सेवा कोठार, हेलो वाटर कोठार, त्रिमूर्ति जल, श्री आरओ जल (बाजार समिति के समीप), जीवन धारा शुद्ध जल, साधना जल सहित अन्य वाटर प्लांटों का निरीक्षण किया। सभी संचालकों को एनओसी, वाटर टेस्ट रिपोर्ट तथा एफएसएसएआई लाइसेंस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा होटल राज नेक्स्ट, शालीमार स्वीट्स और होटल सम्राट (गोला रोड) का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों को किचन की साफ-सफाई बनाए रखने, पानी की गुणवत्ता प्रमाण पत्र, फूड हैंडलर्स के वार्षिक मेडिकल सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड तथा FOSTAC प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जमा करने का निर्देश दिया गया।

जांच के दौरान शालीमार स्वीट्स में करीब 10 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं शालीमार स्वीट्स से मिल्क केक, होटल राज नेक्स्ट से पनीर और होटल सम्राट से बेसन लड्डू का नमूना लेकर जांच के लिए नामकुम प्रयोगशाला भेजा गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लेबलिंग, एक्सपायरी तिथि और स्वच्छता मानकों की विशेष जांच की। दुकानदारों एवं होटल संचालकों को एक्सपायर्ड उत्पादों की बिक्री नहीं करने, खाद्य सामग्री पर स्पष्ट लेबलिंग सुनिश्चित करने, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने तथा कर्मचारियों के लिए एप्रोन, ग्लव्स और हेडगियर के उपयोग का पालन कराने का निर्देश दिया गया।

साथ ही साफ पानी के उपयोग, कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, एफएसएसएआई मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री के प्रयोग, उचित पैकेजिंग, सिंथेटिक रंगों के उपयोग से परहेज तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन एवं खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।