रामगढ़, झारखंड : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को रामगढ़ कैंट मंडल कार्यालय में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा “कम तेल की थाली, देश की खुशहाली” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को संतुलित आहार, खाद्य तेल के सीमित उपयोग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष शीतल सिंह ने की। इस अवसर पर भाजपा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान पत्तल पर परोसी गई कम तेल वाली पौष्टिक थाली का प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष शीतल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए खानपान में सुधार आवश्यक है। खाद्य तेल का कम उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि इससे आर्थिक बचत भी होती है।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी देवी ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के जनकल्याणकारी संदेशों और संकल्पों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रूपा देवी, सोनी देवी, शिवानी देवी, सुनीता देवी, विनीता सिंह, पुष्पा देवी, कंचन गांगुली, रीना देवी और भानु देवी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ SIR-2026 को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक स्नेहभोज ग्रहण किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय, महामंत्री ऋषिकेश सिंह, राजेश ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।