हजारीबाग, झारखंड : हजारीबाग जिला बस ऑनर एसोसिएशन ने बस किराए में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई किराया दरें शुक्रवार से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। किराया वृद्धि के बाद जिले से विभिन्न शहरों और प्रखंडों के लिए बस यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
एसोसिएशन के अनुसार डीजल, स्पेयर पार्ट्स, वाहन रखरखाव और परिचालन खर्च में लगातार वृद्धि के कारण किराया संशोधित किया गया है। नई दरें लागू होने के साथ ही हजारीबाग से संचालित सभी प्रमुख रूटों पर यात्रियों को अधिक किराया देना होगा।
नई दरों के अनुसार हजारीबाग से रामगढ़ का किराया 120 रुपये, रांची 230 रुपये, जमशेदपुर (टाटा) 480 रुपये, बोकारो (रामगढ़ मार्ग) 280 रुपये, बरही 85 रुपये, चौपारण 120 रुपये, चतरा 170 रुपये, लातेहार 300 रुपये, डाल्टेनगंज 420 रुपये, धनबाद 280 रुपये, गिरिडीह 280 रुपये तथा देवघर 420 रुपये निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा कोलकाता जाने वाली बसों का किराया भी बढ़ाया गया है। नई दरों के तहत नॉन एसी सीट के लिए 600 रुपये, नॉन एसी स्लीपर के लिए 700 रुपये, एसी सीट के लिए 960 रुपये, एसी स्लीपर के लिए 1200 रुपये तथा वोल्वो सेवा के लिए 1400 रुपये किराया तय किया गया है।
द्रुतगामी वातानुकूलित डिलक्स (एसी) बस सेवाओं के किराए में भी संशोधन किया गया है। नई दरों के अनुसार हजारीबाग से रांची के लिए 250 रुपये, धनबाद 300 रुपये, गिरिडीह 300 रुपये, देवघर 450 रुपये और कोडरमा 200 रुपये किराया देना होगा। वहीं देवघर से रांची 600 रुपये, गिरिडीह से रांची 480 रुपये तथा कोडरमा से रांची 350 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
किराया वृद्धि के बाद प्रतिदिन बस से यात्रा करने वाले नौकरीपेशा, छात्र और व्यवसायिक यात्रियों का मासिक खर्च बढ़ने की संभावना है। यात्रियों ने बढ़े हुए किराए पर मिश्रित प्रतिक्रिया व्यक्त की है। वहीं बस संचालकों का कहना है कि बढ़ती परिचालन लागत को देखते हुए किराया बढ़ाना आवश्यक हो गया था।