केंदुआटांड़ में वज्रपात की चपेट में आने से महिला की मौत, क्षेत्र में शोक

Spread the love

चितरपुर (रामगढ़), झारखंड : चितरपुर प्रखंड क्षेत्र के मायल केंदुआटांड़ में रविवार शाम तेज आंधी, तूफान और बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान केंदुआटांड़ निवासी मानशी देवी (लगभग 39 वर्ष), पति बिशेश्वर महतो के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मानशी देवी अपनी बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया। वह बकरियों के साथ घर लौट रही थीं, तभी आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना पर गणेश महतो, दशरथ महतो, किशोर महतो, भीम महतो, प्रदीप महतो, सुरेंद्र कुमार, राजेंद्र, शंकर, सुबेदार एवं कुलदीप सहित कई लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।