रामगढ़, झारखंड: कांग्रेस के जिला प्रवक्ता मुकेश यादव ने विश्व योग दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि 22 जून 2026 को विभिन्न समाचार पत्रों एवं डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित खबरों और वीडियो में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को फिल्मी एवं फूहड़ गीतों की धुन पर योगाभ्यास करते देखा गया, जो अत्यंत आश्चर्यजनक और निराशाजनक है।
मुकेश यादव ने कहा कि स्वयं को देश की सबसे अधिक संस्कारी और सांस्कृतिक मूल्यों वाली पार्टी बताने वाली भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा फूहड़ गीतों के साथ योग करना भारतीय संस्कृति का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा के दोहरे चरित्र और मानसिकता को उजागर करता है तथा यह दर्शाता है कि पार्टी को सांस्कृतिक मूल्यों से अधिक राजनीतिक लाभ की चिंता है।
उन्होंने कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी विरासत है। ऋषि-मुनियों ने योग को मानव कल्याण, अनुशासन, साधना और आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम बनाया है। ऐसे पवित्र अभ्यास को फिल्मी और फूहड़ गीतों के साथ प्रस्तुत करना योग की मूल भावना के विपरीत है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा के इस कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि इससे उन लाखों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं जो योग को भारतीय संस्कृति और अध्यात्म का महत्वपूर्ण अंग मानते हैं। उन्होंने मांग की कि भाजपा इस मामले में आम जनता से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगे।
श्री यादव ने भाजपा के प्रदेश एवं शीर्ष नेतृत्व से यह भी पूछा कि क्या इस तरह के प्रदर्शन के लिए संबंधित लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं है कि भाजपा इस मामले में कोई कदम उठाएगी, क्योंकि पार्टी का दोहरा रवैया पहले भी कई मुद्दों पर सामने आता रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि यही कार्य किसी विपक्षी दल द्वारा किया गया होता तो भाजपा धरना-प्रदर्शन, प्रेस कॉन्फ्रेंस और आंदोलन शुरू कर देती, लेकिन जब मामला भाजपा से जुड़ा है तो उसके नेता मौन हैं।
मुकेश यादव ने कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र अन्य मामलों में भी समय-समय पर सामने आया है। उन्होंने राम मंदिर में दान राशि की कथित चोरी जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा कई गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साधे रहती है और अक्सर राजनीतिक सुविधा के आधार पर अपनी प्रतिक्रिया तय करती है।
उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा के इस दोहरे चरित्र को समझ चुकी है और समय आने पर इसका जवाब देगी।