रामगढ़, झारखंड: मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च रामगढ़ जिला मुख्यालय, चितरपुर प्रखंड सहित विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लुनायत ने किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी श्री कृष्ण मुरारी तिरकी, गोपनीय प्रभारी श्री रविंद्र कुमार गुप्ता, संबंधित क्षेत्रों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पर्व को लेकर पूरी तरह सतर्क एवं सजग है तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को देने का आग्रह किया।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद भी स्थापित किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मोहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।