रामगढ़, झारखंड : आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को उपायुक्त श्री ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने मोहर्रम पर्व को लेकर जिले में की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए सभी अधिकारी पूरी तरह सतर्क एवं सजग रहें।
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों एवं सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, जुलूस मार्गों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जुलूसों एवं अखाड़ों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा निर्धारित मार्ग एवं समय का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की सतत मॉनिटरिंग करने का निर्देश भी दिया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को नियमित गश्ती अभियान चलाने तथा आमजन के साथ संवाद स्थापित कर विश्वास का वातावरण बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को मोहर्रम पर्व से पूर्व तथा पर्व के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फ्लैग मार्च से आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल मजबूत होगा तथा शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका निष्पादन सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने, शांति समिति के सदस्यों के साथ संपर्क बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।
अंत में उपायुक्त ने जिलेवासियों से मोहर्रम पर्व के दौरान आपसी सद्भाव, सहयोग एवं संयम बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।