रामगढ़, झारखंड : जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारलौंग बुधबाजार के पास गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक ताशा पार्टी के सदस्य शादी समारोह से लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रात करीब 11.30 बजे एक पिकअप वाहन में सवार ताशा पार्टी के सदस्य अपने घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक 10-चक्का ट्रक से वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक सभी हजारीबाग जिला के गिद्दी थाना क्षेत्र स्थित हुआग गांव की प्रसिद्ध रूपाली ताशा पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए वाहन में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल भेजा गया। इस घटना में कई घायल हैं । जिनमे दो की हालत गंभीर है ।
हादसे के कारण एनएच-23 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर आवागमन सामान्य कराया।
स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बारलौंग क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। उनका आरोप है कि हाल के दिनों में कई जानलेवा हादसों के बावजूद सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र में एक दिन पहले भी एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।