रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ शहर के गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा का चोरी हुआ चश्मा सामाजिक संगठन रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति (RBSS) ने नया लगाकर प्रतिमा का सम्मान किया। समिति के सदस्यों ने प्रतिमा की साफ-सफाई कर उसे स्नान कराया, माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की और नया चश्मा पहनाकर राष्ट्रपिता के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
बताया गया कि महात्मा गांधी की प्रतिमा का चश्मा कई महीनों पहले असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी कर लिया गया था। लंबे समय तक इस ओर किसी का ध्यान नहीं गया, जिससे प्रतिमा उपेक्षित अवस्था में रही और राष्ट्रपिता के सम्मान को ठेस पहुंच रही थी।
धनंजय कुमार पुटूस के नेतृत्व में चला अभियान
रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति के केंद्रीय अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस के नेतृत्व में संगठन के सदस्य गांधी चौक पहुंचे और प्रतिमा का विधिवत सम्मान किया। इस दौरान प्रतिमा की साफ-सफाई के बाद माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा नया चश्मा पहनाया गया।
महापुरुषों का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी : धनंजय कुमार पुटूस
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा और राष्ट्र निर्माण के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा के साथ किसी भी प्रकार की उपेक्षा या असम्मान पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि राष्ट्रीय महापुरुषों के सम्मान और उनके स्मारकों की गरिमा बनाए रखे।
ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति (RBSS) के सक्रिय सदस्य सुरेंद्र राम, अजय कुमार, सुबोध करमाली, रघुवरन स्वामी सहित कई गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।