
घटना स्थल पर पड़े बालेश्वर पटेल
कुजू / मांडू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत बलसगरा शर्मा टोला के सियारी टांड़ में जमीन विवाद को लेकर गिरिडीह जिले में पदस्थापित अवर निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) बालेश्वर पटेल की लाठी और पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार सुबह करीब आठ बजे की है। मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के छह सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

स्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी व पुलिस कर्मी
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, हूल दिवस की छुट्टी होने के कारण बालेश्वर पटेल सोमवार रात अपने पैतृक गांव रबोध के पेसराकांडी पहुंचे थे। मंगलवार सुबह वे बलसगरा शर्मा टोला स्थित सियारी टांड़ में अपनी खरीदी हुई जमीन पर कुछ कार्य के सिलसिले में गए थे। इसी दौरान पड़ोसी परिवार के साथ जमीन को लेकर पहले से चल रहे विवाद को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे बालेश्वर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए कुजू स्थित होप अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने खून के नमूने भी लिए तथा मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
पत्नी ने सात लोगों पर हत्या का आरोप, दो पर साजिश रचने का आरोप
मृतक की पत्नी रीता देवी ने मांडू थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पति की हत्या का आरोप सात लोगों पर लगाया है। आवेदन में उन्होंने निम्नलिखित लोगों को नामजद आरोपी बनाया है । पत्नी ने आवेदन में लिखा है कि उनके पति अपनी जमीन पर बोरिंग में समरसेबल पंप लगवाने गये थे। जहां उन पर हमला कर दिया गया।
-
रामू साव उर्फ ज्ञानी साव
-
विष्णु कुमार
-
संतोष साव उर्फ पूम्पुम
-
पूजा देवी
-
रुबी देवी
-
विजय कुमार
-
डॉली कुमारी