रामगढ़ ( झारखंड ) : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत चल रहे एन्यूमरेशन कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को 23-रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अभियान को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घर-घर जाकर मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्र वितरण, प्रपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया, मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही जानकारी तथा अभिलेखों के संधारण की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर आयोजित चुनाव पाठशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित मतदाताओं से संवाद करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य एवं प्रक्रिया की जानकारी दी और सभी मतदाताओं से गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण के समय प्रत्येक मतदाता को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए पारदर्शिता, सतर्कता और समयबद्धता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
उपायुक्त के निर्देश पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित जिले के अन्य वरीय अधिकारियों ने भी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की तथा बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही गणना प्रपत्र वितरण और मतदाता जागरूकता गतिविधियों का भी जायजा लिया।
जिला प्रशासन ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से निर्धारित प्रपत्र समय पर भरकर बीएलओ को सौंपने तथा शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।